गाजीपुर। गाजीपुर जिले के पेंशनरों को अब डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय या बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, भारत सरकार की ओर से एक से 30 नवम्बर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पेंशनर घर बैठे स्मार्टफोन से फेस रिकग्निशन के माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण ऐप की मदद लेनी होगी। वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह ने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए पेंशनरों को सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। दोनों ऐप पर आवश्यक पजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद आधार नंबर दर्ज कर आधार से लिंक मोबाईल नंबर पर प्राप्त ओटीपी भरना होगा। ई-मेल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के बाद फेस रिकग्निशन के माध्यम से चेहरे की पहचान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद जीवन प्रमाण ऐप खोलकर आधार नंबर और मोबाईल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा। पेंशनर को अपना नाम और पेंशन का प्रकार भरने के बाद निर्गतकर्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य करकार तथा निर्गमनकर्ता के रूप में उत्तर प्रदेश कोषागार का चयन करना होगा। इसके बाद कोषागार गाजीपुर का चयन कर पेंशन भुगतानादेश संख्या (पी०पी०ओ० नम्बर), बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड दर्ज करना होगा। अंत में फेस रिकग्निशन के माध्यम से पहचान की प्रक्रिया पूरी करने पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा किया जा सकेगा। इसके अलावा पेंशनर अपनी बैंक शाखा, पोस्ट आफिस अथवा जनसेवा केन्द्र के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र आनलाईन प्रेषित कर सकते हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….