गाजीपुर। शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कैप्टन स्वधा सिंह तथा वाइस कैप्टन अदिति कटियार एवं रवि प्रकाश दुबे द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने की विशेष प्रतिज्ञा दिलाई। इसके उपरांत कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली। रैली महुआबाग चौराहा होते हुए सुभाष नगर पहुंची और वहां से पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने हाथों में विभिन्न आकर्षक बैनर और पोस्टर लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के उद्घोष के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। विद्यार्थियों का उत्साह और देश की एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देखते ही बन रही थी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य इकरामुल हक ,उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति की भावना प्रमुख रूप से परिलक्षित हुई।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….