गाजीपुर। नोनहरा थाना परिसर में मंगलवार की रात में धरनारत लोगों पर हुए लाठीचार्ज की घटना में घायल रुकूंदीपुर निवासी एक युवक सियाराम उपाध्याय की गुरुवार की भोर में तीन बजे मौत हो गई। घर पर ही घायल युवक का उपचार चल रहा था। सूचना मिलते ही मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह समेत लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों की गहमागहमी को लेकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। भाजपा नेता राजेश राय बागी ने बताया कि मंगलवार की रात करीब एक बजे नोनहरा थाना परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया था, जिसमें करीब सात से आठ लोग घायल हुए थे। लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने बताया कि रुकूंदीपुर गांव निवासी मृतक सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू उपाध्याय (35) पुत्र गिरजा उपाध्याय धरना देने वालों में शामिल था और पुलिस की लाठीचार्ज में गंभीर रुप से घायल हुआ था। कहा कि सियाराम की कुर्बानी को जाया नहीं किया जाएगा। इसकी कीमत पुलिस प्रशासन को चुकानी होगी। गाजीपुर के रूकुंदीपुर निवासी सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू (35) के पिता गिरजा उपाध्याय और भाभी नीतू उपाध्याय ने कहा की पुलिस की बर्बरता से की गई पिटाई से सियाराम की मौत हुई है। सरकार से न्याय चाहिए और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि 9 सितंबर को थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर में एक प्रकरण संज्ञान में आया था, जिसमें दो पक्षों (प्रधान पक्ष एवं पूर्व प्रधान पक्ष) के मध्य बिजली का खम्भा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके पश्चात 01 पक्ष के लगभग 20-25 लोग थाने पर आकर बैठ गये, जिन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार समझाने- बुझाने का प्रयास किया गया कि आप सभी चले जाए, क्योकिं यह प्रकरण दूसरे विभाग से सम्बन्धित है। पुलिस प्रशासन द्वारा दूसरे विभाग से सम्पर्क भी किया गया। परन्तु थाने में उपस्थित लोग समझाने के बाद भी वहाँ से नहीं हटे। रात में अचानक बिजली कट जाने के कारण अफरा-तफरी मच गई, थाने में उपस्थित लोगों को तत्काल वहाँ से जाने के लिए कहा गया, इसके पश्चात् सभी लोग वहाँ से चले गये। किसी भी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हुई। तत्पश्चात दिनांक 11.09.2025 को एक सूचना प्राप्त हुई कि 01 व्यक्ति की मृत्यु हो गई है और इस तरह के आरोप लगाये गये कि उसी दिन चोट लग जाने के कारण उस व्यक्ति की मृत्यु हुई है। इस पर पुलिस प्रशासन द्वारा गहनता से जाँच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पहलुओं पर जाँच की जा रही है। उक्त व्यक्ति का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जो भी तथ्य आयेंगे उसके अनुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। समाचार लिखे जाने तक भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह आदि बड़े पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गये हैं और वार्ता का दौर जारी है।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….