गाजीपुर। सत्यदेव डिग्री कॉलेज गाधिपुरम बोरसिया फ़दनपुर गाजीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशिष्ट शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मोती कुमार वर्मा ने आए हुए अतिथियों डॉ सुनील कुमार सिंह एवं छात्र कल्याण अधिकारी डॉ कृपा शंकर सिंह को माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिविर के छात्र मेनका यादव ने अपने स्वागत गीत के माध्यम से शिविरार्थियों में जोश भर दिया। शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य डॉ सुनील कुमार सिंह जी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से हम समाज एवं राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने डॉ राधाकृष्णन एवं महात्मा गांधी के विचारों को इससे जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्र तभी मजबूत हो सकता है, जबकि हमारे अंदर सेवा की भावना हो, हम निस्वार्थ भाव से अपने राष्ट्र की सेवा करें एवं लोगों को उत्साहित एवं समर्पित होने के लिए प्रेरित करें। प्रेरणा के माध्यम से ही हम आगे बढ़ सकते हैं एवं एक विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ कृपा शंकर सिंह जी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना एक राष्ट्र के विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से हम समाज की कुरीतियों जैसे दहेज प्रथा,नारी उत्पीड़न,इत्यादी को दूर करने के लिए लोगों में एक भावना विकसित कर सकते हैं। विद्यार्थियों के द्वारा प्रेरक उद्बोधन जैसे कश्मीर हो या कन्याकुमारी भारत माता एक हमारी, मानव-मानव एक समान जात पात का मिटे निशान, सूखी धरती करे पुकार वृक्ष लगाकर करो श्रंगार आदि नारों के साथ छात्राओं ने कार्यक्रम में जोश भर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अधिकारी मोती कुमार वर्मा ने कहा कि हम सभी को सर्वप्रथम अनुशासित होना पड़ेगा। अनुशासन ही एक ऐसा माध्यम है जिसके चलते हम अपने समाज में एक अच्छी शिक्षा दे सकते हैं। क्योंकि जब हम अनुशासित रहेंगे तभी हमारे सामने वाला व्यक्ति भी अनुशासित होगा। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के होनहार प्रवक्ता शैलेश आनंद जी ने किया एवं उन्होंने कहा कि हम सभी को सर्वप्रथम एक होना पड़ेगा क्योंकि एक बनेंगे नेक बनेंगे। इस भाव के साथ हम आगे बढ़ेंगे तभी हम समाज को एक अच्छा संदेश दे सकते हैं। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रवक्ता गण डॉ मनीष कुमार पांडेय, शैलेंद्र जी, कमलेश कुमार, रविंद्र सिंह यादव, आशीष श्रीवास्तव, रश्मि सिंह,सहेला परवीन,डॉ प्रगति मौर्य आदि उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….