मऊ। जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित लाई और कुरकुरे की फैक्टरी में बृहस्पतिवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में उद्यमी प्रविण चंद्र मिश्र को 1.10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। अग्निशमन धिकारी के नेतृत्व में विभाग की चार टीमों ने 2.5 घंटे में आग बुझाई। औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमी प्रविण चंद्र मिश्र ने कुरकुरे और लाई निर्माण और पैकिंग की दो अलग- अलग फैक्टरी स्थापित की है। पास में ही कोल्ड्रिंक और बर्फ की फैक्टरी भी है। बृहस्पतिवार की सुबह कोल्ड्रिंक यूनिट से सप्लाई के लिए माल निकलवा रहे थे। तभी लाई कुरकुरे की यूनिट में तेज धमाका सुनाई दिया। कुछ ही सेकंड में धुआं उठने लगा। सभी भागकर पहुंचे तो देखा कि आग की लपटें उठ रही हैं। प्रविण चंद्र मिश्र ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के चलते रास्ता बाधित होने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को पहुंचने में 15 मिनट का समय लग गया। अग्निशमन अधिकारी के वर्मा और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सुनील यादव के नेतृत्व में 24 फायरकर्मी पहुंचे। आग की तेज लपटों के कारण आग बुझाने में ढाई घंटे का समय लग गया। गनीमत रहा कि फैक्टरी में सुबह छह बजे आग लगी। नौ बजे से मजदूर काम करने पहुंचते हैं, काम चलने के दौरान आग लगने पर मजदूरों की जान भी जा सकती थी। उद्यमी प्रविण चंद्र मिश्र ने बताया कि दोनों फैक्टरी में लगी मशीनें पूरी तरह जल गई हैं। 70 टन चावल, 15 टन से अधिक पैकिंग और खुले में रखी लाई जल गई। इसके साथ ही दो टन पैकिंग कुरकुरे और कच्चा माल चलकर राख हो गया। अग्निशमन अधिकारी के वर्मा ने बताया कि फैक्टरी में सूखा माल होने के कारण आग चारों तरफ फैल गई थी। विभाग की चार टीमें, चार गाड़ियों के साथ पहुंची थीं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….