Breaking News

गाजीपुर: रेप का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गाजीपुर। करंडा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) करंडा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में करंडा थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक अपनी टीम के साथ रविवार को मैनपुर ताल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया और खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी की पहचान मो. तस्लीम (22) पुत्र स्वर्गीय शमीम निवासी मैनपुर थाना करंडा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने घायल अवस्था में उसे तुरंत सीएचसी करंडा पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ करंडा थाने में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही कई मामलों में संलिप्त रहा है और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था। फिलहाल उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …