Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय में नए सत्रों के छात्रों का होगा भव्य स्वागत

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी के कुशल निर्देशन और पहल पर, आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय के मुख्य और द्वितीय परिसर के छात्रावासों (Hostels) का कायाकल्प करने की एक विस्तृत कार्य योजना को हरी झंडी दे दी गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन नए सत्र में आने वाले छात्र-छात्राओं को एक सुरक्षित, हाइजीनिक और पढ़ाई के अनुकूल माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसके तहत निर्माण विभाग (सिविल व इलेक्ट्रिकल अनुभाग) द्वारा हॉस्टलों के कमरों, मेस, रसोई और बुनियादी सुविधाओं को पूरी तरह से बेहतर करने का कार्य  किया जा रहा है। छात्रों की सुविधा को देखते हुए इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है.  छात्रावासों में पुनः आवंटन (Re-allotment) की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन ढंग से HMS (Hostel Management System) पोर्टल के माध्यम से होगी | नए सत्र की तैयारियों को निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए वर्तमान छात्रों को 27 जून तक छात्रावास खाली करने तथा 28 जून से मेस बंद करने का आदेश दिया गया है, ताकि मरम्मत का काम तेजी से किया जा सके.

 कुल 18 छात्रावासों की विवरणिका (Hostel Data & Capacity):

विश्वविद्यालय के मुख्य एवं द्वितीय परिसर को मिलाकर कुल 18 छात्रावास छात्रों के स्वागत के लिए तैयार हैं, जिनकी कुल क्षमता 3029 छात्रों की है:

छात्रों के लिए छात्रावास (Boys’ Hostels):

  1. Subhas Hall: क्षमता – 192 छात्र
  2. Lal Bahadur Shastri Hall: क्षमता – 140 छात्र
  3. Mahmudabad Hall: क्षमता – 193 छात्र
  4. Habibullah Hall: क्षमता – 193 छात्र
  5. Balrampur Hall: क्षमता – 30 छात्र
  6. Prof. R.S. Bisht Hall: क्षमता – 40 छात्र
  7. Acharya Narendra Dev Hall: क्षमता – 110 छात्र
  8. Kautilya Hall (द्वितीय परिसर): क्षमता – 155 छात्र
  9. Homi Jahangir Bhabha Hall (द्वितीय परिसर): क्षमता – 155 छात्र

छात्राओं के लिए छात्रावास (Girls’ Hostels):

  1. Kailash Hall: क्षमता – 450 छात्राएं
  2. Tilak Hall: क्षमता – 260 छात्राएं
  3. Chandra Shekhar Hall: क्षमता – 184 छात्राएं
  4. Golden Jubilee Hall: क्षमता – 52 छात्राएं
  5. Nivedita Hall: क्षमता – 180 छात्राएं
  6. Birbal Sahni Hall: क्षमता – 100 छात्राएं
  7. Ganga Hall (द्वितीय परिसर): क्षमता – 220 छात्राएं
  8. Dr. B.R. Ambedkar Hall (द्वितीय परिसर): क्षमता – 155 छात्राएं
  9. Lavanya Hall (द्वितीय परिसर): क्षमता – 220 छात्राएं

छात्रावासों के कायाकल्प के मुख्य बिंदु (Proposed Plan):

कमरों का नवीनीकरण और सुरक्षा: आवंटन प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व हॉस्टलों के सभी कमरों की गहन साफ-सफाई की जा रही है. कमरों के क्षतिग्रस्त फर्नीचर की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है. इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए खिड़कियों और दरवाजों पर नई मच्छर जाली (Mosquito Nets) लगाई जा रही हैं. छतों की सफाई और आवश्यक पैचवर्क भी किया जा रहा है।

शौचालयों का जीर्णोद्धार: छात्रावासों के क्षतिग्रस्त और पुराने शौचालयों के जीर्णोद्धार (Renovation) का कार्य शुरू किया गया है. शौचालयों में नई टायलेट सीट, वाशबेसिन, सिस्टर्न, बिब कॉक, और पी.वी.सी. कनेक्शन जैसी सैनिटरी फिटिंग बदली जा रही हैं. पानी की उचित व्यवस्था के लिए पुरानी पी.वी.सी. वाटर स्टोरेज टैंक को बदलकर नए टैंक और मोटर पंप स्थापित किए जा रहे हैं।

विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा ऑडिट: गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हॉस्टलों के सभी पंखों की मरम्मत और आवश्यकतानुसार नए पंखे लगाने का कार्य किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त, पूरे हॉस्टल परिसर की विद्युत वायरिंग का गहन निरीक्षण कर मेन स्विच और डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड (DB) बदले जा रहे हैं. हालिया घटनाओं के मद्देनजर, विश्वविद्यालय ने परिसर का सघन फायर सुरक्षा ऑडिट कराने का भी निर्णय लिया है।

शुद्ध पेयजल की आपूर्ति: छात्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए हॉस्टलों में पेयजल आपूर्ति के लिए नए सबमर्सिबल पंप स्थापित किए जा रहे हैं. इसके साथ ही वाटर कूलर के स्टोरेज टैंक की सफाई, वाटर लिफ्टिंग पंप और वाटर प्यूरीफायर (RO) को सुचारू किया जा रहा है।

रसोई, डाइनिंग हॉल और परिसर की सुरक्षा: हॉस्टलों के किचन और डाइनिंग हॉल में आवश्यक मरम्मत के साथ-साथ  पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है. छात्रों के सुरक्षित आवागमन के लिए हॉस्टल तक जाने वाली सड़कों के गड्ढे भरकर सीमेंट कंक्रीट (CC) रोड का निर्माण कराया जा रहा है. हॉस्टलों की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वोल की मरम्मत, पेंटिंग और मुख्य प्रवेश द्वारों का फैब्रिकेशन कार्य भी तेजी से जारी है। कुलपति जेपी सैनी ने बताया कि “लखनऊ विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में शीर्ष स्थान पर है. हमारी प्राथमिकता हमारे छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है. नए सत्र से पहले हॉस्टलों का यह पूर्ण कायाकल्प नए छात्रों को घर जैसा सुरक्षित और आत्मीय अहसास कराएगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकेंगे।

 

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार आज दिनांक …