गाजीपुर। 33 केवी पवार हाउस सादात से आने वाली विद्युत उप केंद्र नंदगंज आने वाली विद्युत लाइन में मंगलवार रात करीब 2 बजे से मेन लाइन में फाल्ट आने जाने के कारण नंदगंज क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग उमस भरी गर्मी और पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बिजली न होने से लोगों के इनवर्टर भी पूरी तरह डिस्चार्ज हो गए हैं, जिससे घरों में अंधेरा और गर्मी की समस्या और बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी पानी को लेकर हो रही है। मोटर नहीं चल पाने से पानी की टंकियां खाली हो गई हैं और स्नान, भोजन बनाने, पशुओं को पानी पिलाने सहित रोजमर्रा के कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। नंदगंज विद्युत विभाग ने बताया कि फॉल्ट का पता लगाने के लिए विद्युत कर्मियों की टीम लगातार काम कर रही है। लाइन की जांच की जा रही है तथा जहां-जहां पेड़ों की टहनियां विद्युत तारों के संपर्क में आ रही हैं, उन्हें काटने का कार्य भी कराया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक करीब 3बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। विभाग का कहना है कि फॉल्ट मिलते ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। इस बीच क्षेत्रवासियों ने शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….