गाज़ीपुर। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए आज विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’ जी ने सैदपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया के साथ सैदपुर क्षेत्र के आसपास के बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में बाढ़ प्रभावित गांवों में आमजन की सुरक्षा, राहत सामग्री की उपलब्धता, भोजन एवं पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुओं के लिए चारा, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। एमएलसी जी ने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ की इस विषम परिस्थिति में किसी भी प्रभावित परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक तत्काल सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे। विशाल सिंह ‘चंचल’ जी ने कहा कि “बाढ़ की आपदा के समय प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता की सबसे बड़ी परीक्षा होती है। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा है। किसी भी आम जनमानस को भोजन, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, राहत सामग्री अथवा सुरक्षित आवागमन के लिए परेशान न होना पड़े। जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही बिना किसी विलंब के राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “सरकार और प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। संकट की इस घड़ी में कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे। प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक शासन की राहत और सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” एमएलसी जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर राहत कार्यों की निरंतर निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को समय से आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता प्राप्त हो। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि जनहित एवं जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इस अवसर पर रामतेज पांडे जी, मोनू राम सोनकर, अनूप कुमार जायसवाल, सैदपुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, मंडल अध्यक्ष देवकली अखिलेश कुशवाहा, पवन सिंह, ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव, प्रतिनिधि प्रदीप पाठक सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….