गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से संबद्ध महाविद्यालयों की अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 17 अक्टूबर 2026 को सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर के परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में गाजीपुर और जौनपुर जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों की लगभग 20 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से महाविद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में विजेता महाविद्यालय की टीम को आगे विश्वविद्यालय स्तरीय अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इस आयोजन को लेकर सत्यदेव डिग्री कॉलेज में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की संस्कृति को बढ़ावा देना है। सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, गाजीपुर के प्रबंध निदेशक प्रोफेसर सानंद सिंह ने गाजीपुर एवं जौनपुर जनपद के सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों से आग्रह किया है कि वे 17 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे सत्यदेव डिग्री कॉलेज परिसर में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। प्रोफेसर सानंद सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। सत्यदेव डिग्री कॉलेज इस प्रतियोगिता की मेजबानी के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….