लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के कुल 22 विद्यार्थियों का भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित उपक्रम भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, गाजियाबाद में चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी एवं द्वितीय परिसर के प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. एस. पी. सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्लेसमेंट सेल (द्वितीय परिसर) के वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा आयोजित कैंपस रिक्रूटमेंट प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के आधार पर विश्वविद्यालय के 2026 बैच के 22 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। चयनित विद्यार्थियों को ट्रेनी इंजीनियर-I के पद पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी तथा उन्हें अधिकतम ₹5.52 लाख वार्षिक (सीटीसी) का पैकेज दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निर्धारित अवधि पूर्ण करने एवं कार्य-प्रदर्शन के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को आगे प्रोजेक्ट इंजीनियर के रूप में कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जा सकता है| चयनित विद्यार्थियों में बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) से अभिनंदन मौर्य, अंकित यादव, अवनीश यादव, खुशी जायसवाल, ऋषभ तिवारी, सुप्रिया यादव, सुरभि सागर एवं विवेक कुमार; बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से अनुराग पटेल, दीपक यादव एवं प्रियांशु शामिल हैं। इसी क्रम में बी.टेक. (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) से आदित्य वर्मा, अस्मित पटेल, पुष्पेंद्र कुमार चौधरी एवं तन्मय सिंह; बी.टेक. (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) से कृष्णा यादव, रत्नेश त्रिपाठी, शिवानी रावत एवं उज्ज्वल गुप्ता; बी.टेक. (सिविल इंजीनियरिंग) से ऋषभ सिंह एवं उत्कर्ष दुबे तथा बी.टेक. (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) से उदित पासवान का चयन हुआ है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….