Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के विद्यार्थियों को विदेश में उच्‍च शिक्षा के लिए विशेष संगोष्‍ठी का हुआ आयोजन

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स (Office of International Affairs) द्वारा विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो.  डी. के. द्विवेदी, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स ने अपने संबोधन में कार्यक्रम में उपस्थित कार्यवाहक कुलपति महोदय, शिक्षकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मामलों के कार्यालय (Office of International Affairs) की भूमिका और उसके प्रमुख कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यालय MMMUT और विश्व के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग स्थापित करने तथा विश्वविद्यालय को वैश्विक शैक्षणिक समुदाय से जोड़ने का कार्य करता है। इसके अंतर्गत विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ समझौते (MoUs), विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आदान-प्रदान, संयुक्त शोध, प्रकाशन, सम्मेलन और कार्यशालाओं को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालय अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं को सहायता प्रदान करने तथा छात्रवृत्ति, फेलोशिप और अन्य वैश्विक शैक्षणिक अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अपने संबोधन के अंत में प्रो. द्विवेदी जी ने कहा कि विश्वविद्यालय का अंतरराष्ट्रीयकरण केवल एक कार्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय समुदाय का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने सभी से इस दिशा में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति एवं डीन, फैकल्टी अफेयर्स प्रो. एस. पी. सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में विद्यार्थियों को वैश्विक शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रो. एस. पी. सिंह ने कहा, “आज के वैश्विक परिदृश्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा एवं शोध के अपार अवसर उपलब्ध हैं। यह संगोष्ठी विद्यार्थियों को विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति (Scholarships) एवं वैश्विक शैक्षणिक माहौल की सटीक जानकारी देने में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए हर संभव शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रशासनिक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर डॉ. राजन मिश्र, अध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद, प्रो. प्रभाकर तिवारी, एसोसिएट डीन, इंटरनेशनल अफेयर्स और शिखा सिंह, एसोसिएट डीन, इंटरनेशनल अफेयर्स गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री आदित्य विक्रम सिंह, हेड ऑफ सेल्स एंड मैनेजमेंट, एड्यूअब्रॉड (EduAbroad) ने अपने सत्र में विदेश में उच्च शिक्षा की संभावनाओं, विभिन्न देशों में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर निर्माण के विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया। सत्र के अंत में डॉ. शिखा सिंह, एसोसिएट डीन, इंटरनेशनल अफेयर्स ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और संगोष्ठी का समापन हुआ। समग्र रूप से इस संगोष्ठी ने विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसरों से परिचित कराने के साथ-साथ वैश्विक शैक्षणिक परिदृश्य को समझने का अवसर प्रदान किया। यह आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।

Image 1

Check Also

गाजीपुर में राशनकार्ड बनवाने के लिए जारी हुई पात्र-अपात्रों की गाइडलाइन

गाजीपुर। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि पात्र परिवार ही राशनकार्ड बनवाने के लिये आवेदन करें। …