लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में 528 क्षमता के वातानुकूलित पुरुष छात्रावास के निर्माण कार्य हेतु आज भूमि पूजन संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी ने पारंपरिक ढंग से मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन हवन कर प्रक्रिया संपन्न की। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव सी पी प्रियदर्शी, अधिष्ठाता आर डी पटेल, प्रो जीउत सिंह, प्रो जय प्रकाश सहित विभिन्न शिक्षक प्रो राकेश कुमार, प्रो डी एस सिंह, प्रो एस पी सिंह, प्रो प्रभाकर तिवारी, प्रो ए के मिश्र, प्रो बी के पांडेय, डॉ मदन चंद्र मौर्य, डॉ अभिजित मिश्र एवं कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज की ओर से अभियंता संदीप कुमार चौरसिया, आर्किटेक्ट शशांक कुमार चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार, तथा पवन कुमार आदि मौजूद रहे।बताते चलें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एम एम एम यू टी में 528 क्षमता के नए पुरुष छात्रावास निर्माण को मंजूरी दी थी तथा निर्माण हेतु कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (उत्तर प्रदेश जल निगम) को कार्यदायी संस्था नामित किया था। तत्क्रम में माननीय मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश के कर कमलों से दिनांक 07.04.2025 को छात्रावास के निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ था। रु.47.97 करोड़ की लागत से बनने वाला यह छात्रावास लगभग 14000 स्क्वायर मीटर में फैला होगा। वर्तमान में सात पुरुष छात्रावास हैं परिसर में जबकि नया बनने वाला छात्रावास 8वाँ पुरुष छात्रावास होगा। यह छात्रावास अब तक का सबसे बड़ा पुरुष छात्रावास होगा। यह पूरी तरह वातानुकूलित होगा एवं इसमें अलग अलग विंग होंगी जिन्हें अलग अलग स्तर के छात्रों को आवंटित किया जा सकेगा। भवन एन बी सी के मानकों के अनुरूप होगा जिसमें अग्निसुरक्षा संबंधी उपकरण लगे होंगे। छात्रावास में जिम, वाशिंग एरिया, मेस, लिफ्ट आदि की सुविधाएं होंगी। भवन चार मंजिल का होगा जिसमें लिफ्ट भी होगी।नया छात्रावास टैगोर भवन छात्रावास के बगल में उपलब्ध खाली भूमि पर निर्मित किया जा रहा है। इस मौके पर माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी जी ने कहा कि “यह छात्रावास परियोजना छात्रों को बेहतर आवासीय सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अतिरिक्त, बालिकाओं के लिए भी वातानुकूलित छात्रावास के निर्माण के लिए भी पावरग्रिड से समझौता किया गया है। जल्द ही उसका निर्माण कार्य भी आरम्भ होगा। नया छात्रावास न केवल छात्रों को आधुनिक आवास सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि उनकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगा।”
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….