Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएससी नर्सिंग के लिए मिली वित्‍तीय स्‍वीकृति

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की वित्त समिति की 33वीं बैठक दिनांक: 06 अक्टूबर 2025 को माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान कार्यसूची वित्त नियंत्रक विनय कुमार राय ने प्रस्तुत की। बैठक के दौरान वित्त समिति के सदस्य प्रो राकेश कुमार, जय मंगल राव, अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन, गोरखपुर; प्रो साधना सचान, एम एन एन आई टी, प्रयागराज; कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, अजीज अहमद, विशेष सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन; एवं आर एन त्रिपाठी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनका सारांश निम्नवत है:-

  1. शैक्षणिक सत्र 2026-2027 से विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज की स्थापना किये जाने तथा उसके अंतर्गत एम बी बी एस, बी डी एस, बी एस सी नर्सिंग, एवं बी बी ए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम संचालित किए जाने को वित्त समिति से मंजूरी मिल गई। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की विद्या परिषद एवं प्रबन्ध बोर्ड द्वारा विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज की स्थापना किये जाने तथा उसके अंतर्गत विभिन्न मेडिकल पाठ्यक्रम संचालित किए जाने को मंजूरी दी थी। इसके क्रम में अस्पताल की आवश्यकता पूरी करने के लिए विश्वविद्यालय ने शासन से जिला अस्पताल को विश्वविद्यालय से अटैच किए जाने तथा पाठ्यक्रम आरम्भ करने के लिए शासन से अनुमति मांगी थी। शासन द्वारा अनुमति से पूर्व विभिन्न बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा था जिसमें यह भी शामिल था कि क्या इस प्रस्ताव को वित्त समिति से मंजूरी मिली है अथवा नहीं। आज की बैठक के बाद विश्वविद्यालय द्वारा शासन को मंजूरी के संबंध में अवगत कराते हुए अन्य बिंदुओं पर स्पष्टीकरण उपलब्ध करा दिया जाएगा जिससे शासन की स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ जाएगी।
  2. विश्वविद्यालय के छात्रों के आवागमन की सुविधा के लिए पुरानी और जल्द ही निष्प्रयोज्य हो रही बस के स्थान पर एक नई 52 सीटर सी एन जी बस रु. 28 लाख में क्रय किए जाने को मंजूरी मिली।
  3. विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों यथा प्रबंध अध्ययन विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, तथा फार्मेसी विभाग में कार्यरत संविदा शिक्षकों को उनके वर्तमान समेकित वेतन के 3% के बराबर वेतन वृद्धि वार्षिक आधार पर दिए जाने के प्रस्ताव को वित्त समिति की मंजूरी।
  4. कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग में डेटाबेस एवं वेब डिजाइन लैब की स्थापना हेतु रु. 27.26 लाख, इंटीग्रेट बिग डेटा एंड आई ओ टी लैब की स्थापना हेतु रु. 38.75 लाख, तथा कंप्यूटर विजन लैब की स्थापना हेतु रु. 49.61 लाख, कुल रु. 1.15 करोड़ रूपये की मंजूरी वित्त समिति द्वारा नई लैब की स्थापना हेतु प्रदान की गई।
  5. विश्वविद्यालय में एक वर्तमान स्टाफ कार के शीघ्र ही निष्प्रयोज्य हो जाने के तथा पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत एक नई हाइब्रिड कार क्रय किए जाने की मंजूरी।
  6. विश्वविद्यालय के विद्युतकण एवं संचार अभियंत्रण विभाग में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन नेक्स्ट जनरेशन सेमीकंडक्टर्स एंड नैनो डिवाइसेज की स्थापना हेतु रु. 3.99 करोड़ रुपए की स्वीकृति।
  7. भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विभागों हेतु एक्स आर डी मशीन क्रय हेतु रु. 1.40 करोड़ की मंजूरी।
  8. विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार के उच्चीकरण हेतु रु. 60 लाख की मंजूरी।
  9. फार्मेसी विभाग में दो नए परास्नातक पाठ्यक्रम यथा एम फार्म (फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री) तथा एम फार्म (फार्मास्यूटिक्स) आरम्भ करने तथा बी फार्म की सीटों में वृद्धि किए जाने के सापेक्ष आवश्यक अतिरिक्त शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी मिली।
  10. विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों के डाइनिंग रूम तथा कॉमन रूम को वातानुकूलित किए जाने हेतु रु. 2.15 करोड़ रूपये तथा 8 छात्रावासों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के दृष्टिगत मॉड्यूलर किचेन बनवाए जाने हेतु रु. 3.57 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिली।
  11. सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्रयोगशालाओं के उच्चीकरण के लिए रु. 1.57 करोड़ रूपये की मंजूरी।
  12. मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रयोगशालाओं के उच्चीकरण हेतु रु. 1.08 करोड़ की स्वीकृति।

 

 

 

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …