लखनऊ। बाहुबली और माफियाओं में शुमार मुख्तार अंसारी के कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर 72 फ्लैट बनकर तैयार हैं। लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज के डालीबाग में बने इन फ्लैट्स की आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में लॉटरी निकल रही है। इस संबंध में पिछले दिनों लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आदेश जारी किए थे। मुख्तार अंसारी की ध्वस्त बिल्डिंग की जगह पर गरीबों (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग-ईडब्ल्यूएस) के लिए फ्लैट बने हैं। योजना के लिए सिर्फ इसी श्रेणी के लोगों से आवेदन मांगे गए थे। सरकार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना के तहत बने इन फ्लैट्स के लिए लोगों ने गजब का उत्साह दिखाया। मिली जानकारी के अनुसार तीन नवंबर की शाम पांच बजे तक ही सात हजार से अधिक आवेदन आ चुके थे। हर फ्लैट पर 100 से अधिक आवेदन आए हैं। आवेदकों की संख्या अधिक है और फ्लैट कम। अब किसके हिस्से में फ्लैट आता है और किसे इस बार मौका नहीं मिलता इसका फैसला लॉटरी से किया जा रहा है। इन सब फ्लैट्स को केवल गरीबों के लिए ही आरक्षित किया गया है। योजना के तहत फ्लैट्स बनाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों का भी विकास किया गया है। नई सड़कें बनाई गई हैं। आसपास के पाकों का सौंदर्याकरण भी किया गया है। योजना में साफ पीने का पानी, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा मुहैया कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि योजना के अंतर्गत ही बाह्य विकास कार्य जैसे रोड और पार्क आदि का निर्माण भी किया गया है। मुख्तार अंसारी के बेटों के नाम पर डालीबाग में बंगला बना हुआ था। यह बंगले सरकारी निष्क्रांत सम्पत्ति पर बने थे। एलडीए ने करीब तीन वर्ष पहले इसे ध्वस्त करा दिया था। इस बीच मुख्तार के बेटों ने इस मामले की अदालत में याचिका दाखिल की थी। अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण के पक्ष में फैसला आया था।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….