लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के फार्मास्युटिकल साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिपराइच की टीम के सहयोग से दिनांक 09 दिसम्बर, 2025, को मठिया ग्राम, जनपद गोरखपुर में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन तथा फार्मास्युटिकल साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विट्ठल एल. गोले के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नीता सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा नेत्र तकनीशियन श्री अनूप कुमार कन्नौजिया के तकनीकी सहयोग से शिविर अत्यन्त सफल रहा। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण जनता में स्वच्छता, संक्रामक रोगों से बचाव, सुरक्षित औषधि उपयोग, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। इस वर्ष शिविर की थीम “टीकाकरण के समर्थक के रूप में फार्मासिस्ट” रखी गई थी, जिसके अंतर्गत फार्मासिस्टों की टीकाकरण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। शिविर में निम्नलिखित सेवाएँ निःशुल्क प्रदान की गईं :
- सामान्य स्वास्थ्य जाँच एवं रक्तचाप, शर्करा स्तर की जाँच
- नेत्र जाँच एवं चश्मों का नि:शुल्क वितरण (आवश्यकतानुसार)
- आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण
- टीकाकरण संबंधी परामर्श एवं जागरूकता
ग्रामवासियों में शिविर को लेकर अपार उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विभाग के संकाय सदस्यों प्रोफेसर स्मृति ओझा, प्रोफेसर आलोक दाश एवं डॉ. अंजु वर्मा ने कार्यक्रम के सुचारु संचालन, समन्वय एवं जनसंपर्क में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विभाग के छात्र-छात्राओं ने घर-घर भ्रमण कर स्वच्छता, संक्रामक रोगों से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा टीकाकरण के महत्व के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उनके इस प्रयास से ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी मिथकों का निराकरण हुआ तथा दीर्घकालिक जागरूकता का मार्ग प्रशस्त हुआ। कुलपति प्रोफेसर जे. पी सैनी ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का यह प्रयास “ग्रामोदय से राष्ट्रोदय” की भावना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विट्ठल एल. गोले ने सभी सहयोगियों, चिकित्सकों, छात्रों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरन्तरता देने का संकल्प व्यक्त किया। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ एवं जागरूकता पहुँचाने के लिए कटिबद्ध है तथा ऐसे सामाजिक उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यक्रमों का सतत आयोजन करता रहेगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….