गाजीपुर। सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के तत्वावधान में मानक इंस्पायर अवार्ड के लिए श्री शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज (समता) सादात के कक्षा 11 की छात्रा आकांक्षा यादव का चयन हुआ है। विज्ञान शिक्षक मयंक सिंह के मार्गदर्शन में हुए इस चयन के बाद छात्रा के खाते में दस हजार रुपये भेजे गए हैं। आकांक्षा यादव का चयन उनके ‘मल्टी फीचर वॉकिंग स्टिक’ प्रोजेक्ट के लिए हुआ है। यह वॉकिंग स्टिक दृष्टिहीन और बुजुर्ग दोनों लोगों के लिए चलने-फिरने में सहायक और उपयोगी साबित होगी, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी गतिशीलता उम्र या अन्य कारणों से प्रभावित होती है। छात्रा की इस सफलता पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया। प्रबंधक सभाजीत सिंह ने सोमवार को आकांक्षा को मेडल और नकद धनराशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को विज्ञान से जुड़े नवाचारों के बारे में जानकारी दी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह यादव सहित शिक्षकों ने ने छात्रा को बधाई दी। विज्ञान शिक्षक मयंक सिंह ने बताया कि इंस्पायर मानक अवार्ड केंद्र सरकार की एक योजना है। यह योजना बच्चों को विज्ञान और अन्वेषक कहानियों के लिए प्रोत्साहित करती है। इसके तहत विद्यालय द्वारा इंस्पायर मानक अवार्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आइडिया साझा करना होता है। वैज्ञानिकों और विद्वानों द्वारा प्रोजेक्ट और मॉडल की जांच की जाती है, और चयनित प्रोजेक्ट के लिए जिला स्तर पर स्कॉलरशिप के रूप में दस हजार रुपये तथा राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये की धनराशि बच्चों के अकाउंट में डाली जाती है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….