Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट टेक्सृजन’26 का हुआ भव्‍य समापन

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के छात्र क्रियाकलाप परिषद के अंतर्गत तकनीकी उप परिषद द्वारा आयोजित टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट टेक्सृजन’26 का भव्य समापनसमारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आज संपन्न हुआ। यह तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव 12 से 14 दिसंबर, 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से लगभग 2000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, प्रबंधन कौशल एवं नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वर्ष 17 से भी अधिक तकनीकी स्पर्धाएं आयोजित हुई।समापन समारोह का आयोजन आर्यभट्ट हॉल, आईटीआरसी में किया गया। समारोह की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर पूनम टंडन, माननीय कुलपति, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय रहीं। उनकी प्रेरणादायी उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को तकनीकी के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने हेतु प्रेरित किया।इस अवसर पर छात्र क्रियाकलाप अध्यक्ष डॉ. बी. के. पांडेय, तकनीकी उप-परिषद के संयोजक डॉ. बी. के. शर्मा, आईईईई छात्र शाखा परामर्शदाता डॉ. शिखा सिंह, तकनीकी उप परिषद प्रभारी डॉ. पल्लव गुप्ता, संकाय सलाहकार डॉ. आलोक कुमार शुक्ला, डॉ. अनिल पाल एवं डॉ. अजीत कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन समिति एवं छात्र-छात्राओं के समर्पित प्रयासों की सराहना की।समापन समारोह के दौरान विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को माननीय मुख्य अतिथि की गरिमामयी उपस्थिति में प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि टेक्सृजन’26 ने विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व तथा व्यावहारिक ज्ञान के विकास हेतु एक सशक्त मंच प्रदान किया। फेस्ट के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं, तकनीकी सत्रों एवं गतिविधियों ने प्रतिभागियों के कौशल संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजन से जुड़े सभी संकाय सदस्यों, समन्वयकों एवं प्रतिभागियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। टेक्सृजन’26 का यह सफल आयोजन संस्थान के शैक्षणिक एवं तकनीकी परिवेश में नई ऊर्जा, उत्साह एवं प्रेरणा का संचार करता है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …