वाराणसी। यूपी में भी यदुवंशियों को कमल के फूल के पात में बैठाने के लिए भाजपा ने मजबूती से होमवर्क करना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में काशी में कृष्ण सुदामा ग्रुप के चेयरमैन डा. विजय यादव ने एमपी के सीएम मोहन यादव का बड़े उत्साह के साथ स्वागत अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी डा. विजय यादव से नजदीकियां दिखाने में कोई कोरकसर नही रखी। अबकी बार मुख्यमंत्री ने डॉ. विजय के साथ पुराने पारिवारिक संबंधों को खुले मंच पर दिखाया है। अबकी बार मुख्यमंत्री द्वारा डॉ. विजय यादव को अपने हेलीकॉप्टर व अपने वाहन में अपने साथ ले जाना स्पष्ट करता है कि सीएम डॉ. मोहन यादव के लिए डॉ. विजय यादव वास्तव में बेहद खास हैं। सोमवार को हेलीकॉप्टर कार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व डॉ. विजय यादव की सामने आई तस्वीरें इस समय सियासी खेमे में चर्चाओं का विषय बन चुकी हैं। बता दें कि एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव सोमवार को वाराणसी के काशी विश्वनाथ व काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन के लिए आए थे। इस दौरान डॉ. विजय यादव कदम-कदम पर उनके साथ-साथ मौजूद रहे। वहां से वो सेफ हाउस पहुंचे तो वहां भी डॉ. विजय को साथ ले गए। शहर में विभिन्न मंदिरों तक जाने के दौरान भी मुख्यमंत्री ने अपनी गाड़ी से ही डॉ. विजय यादव व भाजपा नेता शैलेश पांडेय को हर जगह साथ ले गए। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से जौनपुर गए, जहां उन्हें यूपी के कैबिनेट मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता को श्रद्धांजलि देनी थी। इस दौरान भी वो डॉ. विजय को नहीं भूले और उन्हें अपने हेलीकॉप्टर में बिठाकर मंत्री गिरीश चंद्र यादव के घर तक ले गए। जहां उनके पिता को श्रद्धांजलि देने व परिजनों से मिलकर सांत्वना देकर सोमवार की दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर एमपी के लिए रवाना हो गए। अपने एक दिवसीय दौरे में सीएम डॉ. मोहन यादव ने जिस तरह कृष्ण सुदामा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. विजय यादव संग घरेलू अंदाज में नजदीकियां दिखाईं, वो तस्वीरें इस समय सियासी खेमे में न सिर्फ चर्चाओं का विषय बनी हुई हैं, बल्कि बहुत से लोगों की नींद उड़ गई हैं। इस बाबत डॉ. विजय ने बताया कि सीएम से ये पहली मुलाकात नहीं थी बल्कि इसके पहले भी मुलाकात हो चुकी है। बताया कि मुख्यमंत्री बनने के पूर्व से ही डॉ. मोहन यादव से हमारे पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने सीएम के सौम्य व्यवहार की भी तारीफ की।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….