गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित जलालाबाद के अर्श पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय एनुअल स्पोर्ट मीट का शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन मशाल प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रिंसिपल संदीप दुबे, विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनिल यादव और जखनिया द्वितीय से जिला पंचायत प्रत्याशी अशोक यादव ने किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में पारंपरिक नृत्य, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक झलकियां शामिल थीं, जिन्होंने अभिभावकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। खेल प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत मशाल प्रज्वलन के साथ हुई। एक छात्र ने मशाल जलाकर पूरे खेल मैदान का चक्कर लगाया। इसके बाद मुख्य अतिथि संदीप दुबे, प्रबंधक डॉ. अनिल यादव, प्रधानाचार्या सपना राय और अशोक यादव ने संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलित कर खेल मैदान में फीता काटा और खेलों का उद्घाटन किया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर साहसिक करतब भी दिखाए। स्पोर्ट मीट के अंतर्गत कबड्डी जैसे प्रमुख खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में जिला स्तर पर खेल चुकी स्कूल की ब्लू जर्सी टीम और स्पेशल बैच की ब्लैक जर्सी टीम के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने इस दौरान अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….