Breaking News

बलिया: शराब की दुकान के पास चखना विक्रेता कासिमाबाद निवासी संतोष सिंह की गोली मारकर हत्‍या, पांच गिरफ्तार

बलिया। जिले के रसड़ा कोतवाली के राघोपुर चट्टी से एक किलोमीटर नगरा रोड पर एक दिल दहलाने वाली घटना हुई। बृहस्पतिवार की रात में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास चखना विक्रेता संतोष सिंह उर्फ बागी (48) की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना की खबर लगते ही मौके पर खलबली मच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाया। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल ने कहा कि गाजीपुर के कासिमाबाद थाना के बेलसडी निवासी संतोष सिंह ने शराब की दुकान के बगल में चखना की दुकान खोली थी। रात में अपनी दुकान बंद करके घर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गोलू सिंह निवासी शेखनपुर थाना कासिमाबाद गाजीपुर अपने साथियों के साथ आकर पिस्टल से फायर करके संतोष की हत्या कर दी। संतोष सिंह के सिर पर एक गोली और पेट पर एक गोली लगी। उधर, अभियुक्त हत्या करके मौके से भाग गए। बलिया जिले में स्वाट/सर्विलांस टीम व रसड़ा पुलिस की संयुक्त रूप ने दुकानदार की हत्या मामले में सात घंटे में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मुठभेड़ में अभियुक्त मंजीत सिंह व  संदीप सिंह को पैर में गोली लगने के बाद व तीन अन्य अभियुक्त अतुल सिंह, प्रवीण सिंह व प्रभात सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कुल पांच अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों के कब्जे से असलहा व बाइक बरामद किया गया। बदमाशों से शराब पीने के दौरान चखना के पैसे को लेकर दुकानदार से विवाद हुआ था। रसड़ा सीओ आलोक गुप्ता ने बताया कि मुंडेरा रोड कटुहरा में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट/सर्विलांस टीम व थाना रसड़ा पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम द्वारा कुछ संदिग्ध व्यक्तिओं के चेकिंग का प्रयास किया गया तो संदिग्ध लोगों द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में बदमाश मंजीत सिंह निवासी मडहीं के बाएं पैर में गोली लगी, संदीप सिंह निवासी खजुरगांव बाएं पैर में गोली लगी। वहीं अतुल सिंह निवासी खजुरगांव, प्रवीण सिंह निवासी शेखनपुर, प्रभात सिंह निवासी खजुरगांव को भी पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाशों द्वारा राघोपुर चट्टी पर संतोष सिंह कासिमाबाद गाजीपुर की गोली मारकर हत्या की गई थी। घायल बदमाशों मंजीत सिंह, संदीप सिंह का उपचार सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। उधर, पकड़ गए अन्य बदमाशों की तलाशी में उनके कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस व दो मोटर साइकिल बरामद किया गया।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …