वाराणसी। सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या के आरोपी और एक लाख के इनामी शूटर अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू यादव को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार रात थाना क्षेत्र के सराय मोहना में मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दाहिने पैर में लगी गोली से घायल फौजी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा साथी भाग गया, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी फौजी के कब्जे से दो असलहा, कारतूस मिला। वह गाजीपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिमराफैज गांव का निवासी है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और क्राइम ब्रांच प्रभारी गौरव सिंह की टीम को सूचना मिली कि आरोपी सराय मोहना क्षेत्र से भागने की फिराक में है। टीम ने घेराबंदी की और आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। सारनाथ थाने की पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि पहले ही गिरफ्तार हो चुके बिहार के मुकीम ने उसे असलहा उपलब्ध कराया था। शूटर गाजीपुर करंडा थाना क्षेत्र के गौरहट निवासी बनारसी यादव भी वारदात में साथ में था। 21 अगस्त 2025 की सुबह चंदन शुक्ला ने शूटरों को महेंद्र गौतम की रेकी कर लोकेशन दी। घर से कार्यालय जाते वक्त बाइक सवार महेंद्र गौतम की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। मुंबई के प्रॉपर्टी डीलर और गाजीपुर निवासी योगेंद्र यादव उर्फ फैंटू, सारनाथ के सिंहपुर निवासी सम्पूर्णानंद शुक्ला उर्फ चंदन, श्याम राजभर उर्फ रेखा प्रधान और असलहा तस्कर बिहार के मुंगेर निवासी मोहम्मद मुकीम को अगस्त में ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सभी जेल में निरुद्ध है। प्रॉपर्टी डीलर योगेंद्र यादव उर्फ फैंटू ने ही हत्या की सुपारी दी थी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….