Breaking News

गाज़ीपुर: नोनहरा क्षेत्र के शक्‍कपुर में रेलवे ट्रैक पर अंडर पास के लिए डा. जितेंद्र ने शुरु किया भगीरथ प्रयास  

गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा शक्‍करपुर में रेलवे ट्रैक पर अंडर पास नही होने पर आयेदिन दुर्घटना हो रही है और दूरी से बचने के लिए ग्रामीणों की मजबूरी है कि वह रेलवे लाइन को पार करके अपने घर जायें। यहां पर रेलवे ट्रैक पर अंडर पास बनाने के लिए दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के डा. जितेंद्र प्रसाद ने भगीरथ प्रयास शुरु किया है लेकिन राजनीतिक सहयोग के बि‍ना अभी तक उन्‍हे सफलता नही मिली है। उन्‍होने पूर्वांचल न्‍यूज डाट काम को बताया कि जनपद के थाना नोनहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा शक्करपुर (शक्करपुर कलां) में 16 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 12:30 बजे एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ। रेलवे ट्रैक पार करते समय 55 वर्षीय महिला, पत्नी स्वर्गीय बुधु यादव, तेज़ रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन पार करने के लिए कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण महिलाएं, बुज़ुर्ग, बच्चे और मरीज़ रोज़ाना जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार करीब चार महीने पहले रेलवे अंडरपास (LHS) निर्माण के लिए एसडीएम मोहम्मदाबाद के माध्यम से एनओसी प्राप्त करने हेतु आवेदन किया गया था। इस प्रक्रिया में डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने अपने पिता श्री रामकृत प्रजापति एवं ग्रामवासियों के साथ आवश्यक दस्तावेज़ तैयार कर प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किया, लेकिन एनओसी नहीं मिल सकी। हादसे के बाद ग्रामवासियों के अनुरोध पर डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद (सहायक प्राध्यापक, दिल्ली विश्वविद्यालय) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता की। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत उनसे रेलवे अंडरपास निर्माण हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने को कहा गया, लेकिन एनओसी उपलब्ध न होने के कारण डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद इसे आगे प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे प्रक्रिया चार माह तक लंबित रही। इसके बाद डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने ग्रामीणों को पूरी स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने उनसे अनुरोध किया कि वे आगे कदम उठाएँ ताकि एनओसी शीघ्र मिल सके। एनओसी में हो रही देरी को देखते हुए डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने जिलाधिकारी गाज़ीपुर तथा मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर शक्करपुर में रेलवे अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया के लिए एनओसी शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद के निर्देशानुसार उनके पिता श्री रामकृत प्रजापति ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर जिलाधिकारी गाज़ीपुर को एनओसी के लिए आवेदन सौंपा। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद जुलाई 2025 से लगातार रेलवे अंडरपास निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों और प्रशासन से लगातार संपर्क कर सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने कहा कि उन्हें प्रशासन और सरकार पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि शक्करपुर में जल्द ही रेलवे अंडरपास (LHS) का निर्माण प्रारंभ होगा। रेलवे अंडरपास के निर्माण से कटवामोड़, हब्बासपुर, मोहम्मदाबाद, नोनहरा, पक्काइनार, मालीपुर, मुंडेरा, सादिकपुर, शक्करपुर, जलालपुर और शाहबाजकुली सहित क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: गोपीनाथ पीजी कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

गाज़ीपुर। गोपीनाथ पीजी कॉलेज बहादुरगंज में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ …