Breaking News

गाजीपुर: मकर संक्रांति पर चोचकपुर मौनीबाबा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर किया दान-पुण्य

गाजीपुर।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नंदगंज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चोचकपुर स्थित मौनीबाबा घाट पर पहुंचे। गुरुवार को भोर होते ही श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया और कुछ ही देर में गंगा घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पूरी आस्था के साथ गंगा में स्नान करते नजर आए। गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया तथा मौनीबाबा की समाधि पर दर्शन-पूजन कर दान-पुण्य किया। लोगों ने पर्व से जुड़ी परंपराओं का विधि-विधान से निर्वहन किया। मौनीबाबा घाट पर दिनभर धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को लाई, चिउड़ा, तिलकुट और भेली बांटकर मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग घाट पर पहुंचे, जिससे दोपहर तक गंगा घाट पर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा। ग्रामीण इलाकों में भी मकर संक्रांति का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। पूरे दिन आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती रहीं। बच्चे पतंग और मांझा खरीदने के लिए दुकानों पर बार-बार जाते नजर आए और पतंग उड़ाने व काटने का भरपूर आनंद उठाया। मकर संक्रांति का यह पर्व क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनकर सामने आया।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …