लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. गोविंद पाण्डेय को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एन आई टी), कालीकट की प्रशासकीय परिषद (बोर्ड ऑफ गवर्नर्स) का सदस्य नामित किया गया है। उनका नामांकन 3 वर्ष के लिए किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र दिनांक 14.01.2026 के माध्यम से निदेशक, एन आई टी कालीकट को सूचित किया गया है कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से एन आई टी अधिनियम 2007 की धारा 12 (ए) के अंतर्गत प्रो पांडेय को तीन वर्ष के लिए प्रशासकीय परिषद का सदस्य नामित किया जाता है। एन आई टी कालीकट के निदेशक प्रो प्रसाद कृष्ण ने अपने पत्र दिनांक 16 जनवरी के माध्यम से प्रो पांडेय को इस निर्णय से अवगत कराया है।प्रो. गोविंद पाण्डेय एम एम एम यू टी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर होने के साथ साथ इस अंचल के जानेमाने पर्यावरणविद हैं। उन्होंने पर्यावरण अभियांत्रिकी में आई आई टी रुड़की से पी एच डी की है। वे वर्ष 1991 से एम एम एम यू टी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग से शिक्षक के रूप में जुड़े रहे हैं। वे राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गोंडा के संस्थापक निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने एम एम एम यू टी में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों यथा अधिष्ठाता नियोजन, प्रशासनिक अधिकारी, कुलसचिव आदि का भी निर्वहन किया है। वे विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य भी रहे हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….