जौनपुर। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है। विमान में सवार अन्य चार लोग भी इस हादसे में नहीं बच पाए। यह दुर्घटना तब हुई जब एनसीपी नेता अजित पवार (66) और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती में रनवे के पास क्रैश लैंड हो गया। हादसे में जान गंवाने वालों में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की पिंकी माली भी शामिल हैं। घटना की जानकारी होते ही उनके गांव में लोग हैरान रह गए। लोगों का कहना है कि पिंकी काफी मिलनसार थीं। फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली जिले के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थी। शीतला प्रसाद माली के मुताबिक, उनके चाचा शिव कुमार माली हैं, जो चार भाई हैं। शिव कुमार के पिता बाबू राम का पिछले साल निधन हुआ था। पिंकी की शादी भी हो चुकी है। परिवार के सभी लोग मुंबई में रहते हैं। अपना दल एस के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली के मुताबिक पिंकी माली के पिता शिव कुमार राष्ट्रवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता भी हैं। उनकी जुलाई में मुंबई में मुलाकात हुई थी। वह इस घटना से हैरान हैं। पिंकी माली उर्फ दीपा माली के पिता शिवकुमार माली बचपन से ही मुंबई में पले बढ़े हैं। वे राजनीति से जुड़े रहने के साथ ही आजीविका के लिए टैक्सी चलाते हैं। पिंकी पिछले आठ साल से एयर होस्टेस की नौकरी कर रही थीं। अलग- अलग कंपनियों और विमानों में सेवा दे चुकी थीं। अधिकतर प्राइवेट और छोटे विमानों में पिंकी की ड्यूटी लगती थी, जिसके कारण बड़े नेताओं से मिलना जुलना लगा रहता था।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….