लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भाषण के साथ शुरू हुआ। विपक्षी विधायकों का हंगामा और नारेबाजी भी शुरू रही। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति जारी है। नवंबर, 2019 से अब तक 129 अपराधियों को अलग-अलग अभियोगों में आजीवन कारावास अथवा अन्य अवधि के कारावास व अर्थदंड से दंडित कराया गया है। दो को मृत्युदंड की सजा हुई है। राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक कुल 267 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए। 977 अभियुक्तों को रासुका के तहत निरुद्ध किया गया। साथ ही माफिया अपराधियों से 04 हजार 137 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध रूप से अर्जित सम्पत्ति जब्त की जा चुकी है। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, सपा विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। गो बैक, गो बैक के नारे लगाए। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सत्र से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि आज गवर्नर के भाषण के बाद उत्तर प्रदेश का इकोनॉमिक सर्वे भी सदन में पेश किया जाएगा। यह पहली बार है जब कोई राज्य सरकार अपनी इकोनॉमिक उपलब्धियां पेश कर रही है। हम यह बताना चाहेंगे कि हमने उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन से निकालकर भारतीय इकोनॉमी में एक बड़ी कामयाबी के तौर पर स्थापित किया है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….