गाजीपुर। जब से नंदगंज रेलवे स्टेशन पर बना मालगोदाम तब से प्लेटफार्म पर चौबीसों घंटे सैकड़ों ट्रक खड़ी रहती थी जिसे रेलवे के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी ने हटवा दिया है। इस कार्रवाई से मालगोदाम प्लेटफार्म साफ-सुथरा हो गया है। नई व्यवस्था के तहत मालगोदाम प्लेटफार्म के दोनों ओर बड़े लोहे के गेट लगाए गए हैं। अब केवल मालगाड़ी के आने और माल उतारने के समय ही ट्रकों को प्लेटफार्म पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अन्य समय में प्लेटफार्म पर किसी भी ट्रक को खड़ा रहने की इजाजत नहीं होगी। पूर्व में प्लेटफार्म पर सैकड़ों ट्रक दिन-रात खड़े रहते थे। ट्रक चालक वाहन खड़े कर घर चले जाते थे या इधर-उधर घूमते रहते थे। रात में वहीं खाना बनाने से गंदगी फैलती थी और शेड में रखी बोरियों पर कब्जा कर लोग सो जाते थे। ट्रकों की भीड़ के कारण मालगाड़ियों से आने वाले खाद्यान्न, खाद, सीमेंट आदि सामग्री की चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं, जिससे व्यापारी वर्ग काफी परेशान था। इन समस्याओं को लेकर कई बार अखबारों में समाचार भी प्रकाशित हुए। लगातार शिकायतों और समाचार प्रकाशन के बाद रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद प्लेटफार्म के दोनों ओर लोहे के गेट लगाकर जीआरपी की ड्यूटी सुनिश्चित की गई। नई व्यवस्था लागू होने से प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़, गंदगी और शोर-शराबे पर नियंत्रण हुआ है। साथ ही माल चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगा हुआ है। इस पहल पर व्यापारियों और आसपास के लोगों ने रेलवे विभाग को बधाई देते हुए राहत की सांस ली है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….