गाजीपुर। नंदगंज क्षेत्र में देवकली पंप कैनाल द्वितीय के अंतर्गत गोला माइनर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सराय शरीफ ग्राम पंचायत के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। जलभराव के कारण गेहूं, आलू, गन्ना, सरसों और मटर की खड़ी फसल कई एकड़ में डूबकर बर्बाद हो रही है, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे वरिष्ठ सपा नेता सूरज राम बागी ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि माइनर में अतिरिक्त पानी की निकासी नहीं होने के कारण खेतों में लगातार जलभराव बना हुआ है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। दौरे के दौरान सूरज राम बागी ने सिंचाई विभाग की लापरवाही को इस समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल मौके पर सर्वे टीम भेजकर वास्तविक नुकसान का आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा। प्रभावित किसानों में धुप्रद बिन्द, कतवरू बिन्द, हरदेव बिन्द, मगरू बिंद, सुबच्चन बिंद, राधे बिंद, कमला बिन्द, शोभा, सदानंद बिंद, शंभू बिंद, ठाकुर प्रसाद बिंद, डोमन बिन्द, दिनेश, रविंद्र राम बिन्द, मुराहू बिन्द, लालचंद्र बिन्द, किशोर बिन्द, सोना बिन्द, बेनी बिन्द, राजेंदर बिन्द सहित अनेक किसान शामिल रहे। सपा नेता ने अपने साथियों के साथ खेतों का निरीक्षण कर एक ज्ञापन भी तैयार किया, जिसे प्रशासन को सौंपने की बात कही गई है। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर उनकी समस्या का समाधान करेगा और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करेगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….