लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को भी सुबह मौसम का मिजाज बदला सा नजर आया। सुबह के समय राजधानी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में घनी धुंध छाई रही। कई जगह दृश्यता काफी कम रही। इससे पहले मंगलवार को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में छाई घनी धुंध की चादर ने लोगों को चौंका दिया था। कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो गई थी। प्रयागराज में दृश्यता घटकर 30 मीटर रह गई, जबकि अमेठी में 50 मीटर, मेरठ में 100 मीटर और वाराणसी में 500 मीटर तक सीमित रही। लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद समेत कई शहरों में भी सुबह धुंध की चादर छाई रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, नमी से भरी पूर्वा हवाओं और हवा में धूल कणों के फंसने के कारण यह स्थिति बनी है। 14 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे 15 और 16 मार्च को तराई और पूर्वांचल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। प्रदेश में बढ़ते तापमान की बात करें तो मंगलवार को बांदा में सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं आगरा और झांसी में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 24.6 डिग्री के साथ वाराणसी में सबसे गर्म रात रही। अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नमी भरी पूर्वा हवाओं की वजह से मार्च 2008 में भी ऐसा मौसम देखने को मिला था। यह सामान्य मौसमी घटना है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….