Breaking News

डीआरएम वाराणसी से मिलें डॉ. जितेंद्र प्रसाद, शक्करपुर में रेलवे अंडरपास निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग

गाजीपुर। जनपद के ग्राम शक्करपुर (पोस्ट–शाहबाजकुली) के पास SBK–GCT रेलखंड पर प्रस्तावित रेलवे अंडरपास (LHS) के निर्माण को लेकर क्षेत्र में मांग तेज हो गई है। इस संबंध में क्षेत्र के निवासी एवं शिक्षाविद् डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM), वाराणसी से अनुरोध कर अंडरपास के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ कराने की मांग की है। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने बताया कि रेलवे पोल संख्या 119/38 से 120/02 के मध्य स्थित इस स्थान से आसपास के लगभग 7 गांवों के लोग, छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग प्रतिदिन रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में ट्रैक पार करते समय एक महिला की ट्रेन से कटकर दुखद मृत्यु हो चुकी है। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय और चिंता का माहौल है तथा अंडरपास निर्माण की मांग और तेज हो गई है। डॉ. प्रसाद ने बताया कि पहले इस स्थान पर अंडरपास बनना लगभग असंभव बताया जाता था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद मामला आगे बढ़ा। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर रेल मंत्रालय तक भी बात पहुंचाई और वाराणसी में DRM से मिलकर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने यहां अंडरपास बनाने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। हालांकि प्रस्तावित स्थान पर रेलवे की भूमि कम होने के कारण रेलवे द्वारा राज्य सरकार से अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। अब राज्य सरकार भी आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए सहमत हो गई है, जिससे अंडरपास निर्माण का रास्ता लगभग साफ हो गया है। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा फरवरी 2026 में आवश्यक NOC जारी कर प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेज दिया गया है। इससे पूर्व सेक्शन इंजीनियर, गाजीपुर के कार्यालय में भी NOC की प्रति जमा कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आज मंडल रेल प्रबंधक (DRM), वाराणसी से व्हाट्सऐप एवं ई-मेल के माध्यम से भी संपर्क किया गया है। इसके अलावा इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों से टेलीफोनिक वार्ता भी की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह तक सर्वे का कार्य शुरू किए जाने की संभावना है। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने रेलवे प्रशासन से जनहित को देखते हुए प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रारम्भ कराने की मांग की है, ताकि आसपास के हजारों लोगों, विशेषकर छात्रों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। इस संबंध में डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने कहा कि उन्हें सरकार और रेलवे प्रशासन पर पूरा विश्वास है कि शक्करपुर में प्रस्तावित रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Image 1 Image 2

Check Also

राजकीय बालिका इंटर कालेज गाजीपुर में रसोईया पाक कला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पीo एम o पोषण योजना के अंतर्गत संचालित जनपद स्तरीय …