बलिया। शहर से सटे निधरिया गांव में झटका मशीन की चपेट में आने से पूर्व प्रधान की पत्नी की मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। वहीं इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त रहा। फेफना थाना के निधरिया गांव में खेत के घेराबंदी में झटका मशीन लगा हुआ था। शुक्रवार को पूर्व प्रधान लाल बिहारी की पत्नी लक्ष्मी देवी (48) खेत की सिंचाई के लिए पाइप बिछा रही थीं, उसी दौरान पड़ोसी के खेत में घेराबंदी के लिए लगाए गए तार में झटका मशीन का करंट आया, जिसकी चपेट में आने से लक्ष्मी देवी अचेत हो गईं। आसपास के लोगों ने देखा तो दौड़कर डंडा मारकर करंट छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं खेत में झटका मशीन लगाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। फेफना थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….