Breaking News

बलिया: मकान में आग लगने से मां-बेटे की जलने से मौत

बलिया। जिले के गड़वार थाना के चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग स्थित दो मंजिला मकान में आग लगने से मां रिंकी चौरसिया (25)  व पांच वर्षीय पुत्र धीरज कुमार की झुलसने मौत हो गई। पति नीरज ने छत से कूद कर जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। आग की लपटों को देखकर लोग पास जाने से भी डरते रहे। आग भोर में लगी, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग पर नीरज चौरसिया की किराना की होलसेल की दुकान है। वह प्रथम तल पर पत्नी रिंकी व बेटा धीरज के साथ रहते थे। रविवार की रात 2 बजे के बाद अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। आग फैलते देख नीरज ने प्रथम तल पर पहुंचकर पत्नी व बेटे को जगाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन मकान की सीढ़ी का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण सभी लोग फंस गए। नीरज ने छत से कूदकर जान बचाई, इसमें उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। नीरज की चीख- पुकार सुनकर और धुआं-धुआं निकलता देख आसपास के लोग बचाने पहुंचे तब तक रिंकी चौरसिया व बेटा धीरज गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के लिए लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने पत्नी रिंकी व बेटे धीरज को मृत घोषित कर दिया। नीरज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उधर, नीरज के पिता झूलन चौरसिया जो घर में थे, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि धीरज का दो दिन पूर्व मुंडन संस्कार था। इस मार्मिक घटना के बाद हर कोई मर्माहत है। आग लगने की सूचना पर तड़के पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने में लगे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक पूरी तरीके से आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। दुकान के जले हुए सामानों में धुआं निकल रहा था।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: दो दिवसीय ग्राम स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन, टमाटर की नवरत्न चटनी बनाने की बताई गई विधि

गाजीपुर। जनपद के ग्राम पंचायत महमूदपुर सदर ब्लॉक पर राजकीय फल संरक्षण केंद्र के तत्वावधान …