Breaking News

नंदगंज में अव्यवस्थित सब्जी मंडी से लग रहा जाम, लखमीपुर स्थित निर्मित मंडी पड़ी अनुपयोगी, प्रशासन से स्थानांतरण की मांग

गाजीपुर। ग्राम सभा बरहपुर के लखमीपुर में वर्ष 2004 में तत्कालीन ग्राम प्रधान बासमती देवी द्वारा लगभग सात लाख रुपये की लागत से सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया था। उस समय सब्जी मंडी शहीद स्मारक इंटर कॉलेज के सामने लगती थी, जिससे नंदगंज–गाजीपुर राजमार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। स्कूली छात्रों, अभिभावकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के उद्देश्य से लखमीपुर में स्थायी सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया था।स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण के बाद भी मंडी अपने निर्धारित स्थान पर नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकी। इसके बजाय सब्जी मंडी नंदगंज–चोचकपुर मार्ग पर सड़क किनारे लगने लगा। इस मार्ग पर कई इंग्लिश और हिंदी माध्यम के विद्यालय, डाकघर, बैंक तथा अन्य प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिससे सुबह और दोपहर के समय आवागमन के दौरान जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। आए दिन लगने वाले जाम से स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बनी लखमीपुर स्थित सब्जी मंडी आज भी अनुपयोगी पड़ी हुई है। न तो वहां नियमित दुकानें लग रही हैं और न ही प्रशासन द्वारा इसे व्यवस्थित रूप से संचालित कराने की ठोस पहल की गई है। लोगों का मानना है कि यदि सब्जी मंडी को उसके मूल स्थान पर स्थानांतरित कर सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए, तो नंदगंज–चोचकपुर मार्ग पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लग रही सब्जी मंडी को  लखमीपुर में संचालित कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आमजन को प्रतिदिन जाम की समस्या से निजात मिल सके।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …