मऊ। जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के रेवरीडीह के इंद्रपुर पुरवा निवासी हरिकेश ने लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ सिर पर हमला कर पिता बसाऊ (55) की हत्या कर दी और मौके से भाग गया। परिजनों के मुताबिक पिता के डांटने से वह हमेशा उनसे नाराज रहता था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पत्नी चंदा देवी ने बेटे के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। चंदा देवी ने बताया कि बेटा हरिकेश दिमागी रूप से कमजोर है, उसका गोरखपुर से उपचार चलता है। उसकी हरकतों से परेशान पति बसाऊ और घर के अन्य सदस्य उसे डांट देते थे, जिसके चलते वह नाराज रहता था। बुधवार की शाम को भी किसी बात को लेकर बसाऊ ने उसे डांट दिया था। बृहस्पतिवार की भोर में चार बजे बसाऊ घर के बाहर सो रहे थे और अन्य सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान हरिकेश उठा और सोते समय पिता के सिर पर लोहे के रॉड से वार करने लगा। आवाज सुनकर घर और पड़ोस के लोग जब तक पहुंचते आरोपी भाग गया था। घोसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हमले के समय बसाऊ नींद में थे। जिसके चलते वह भाग नहीं सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उनकी पत्नी की तहरीर पर बेटे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद आरोपी घर से भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….