Breaking News

वाराणसी: युवा व्‍यापारी की पीट-पीटकर हत्‍या

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में कार से एक महिला को धक्का लगने पर भीड़ ने 40 वर्षीय कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी। धर्म और शांति की नगरी काशी का ग्रामीण इलाका रविवार रात उस समय दहल उठा, जब मामूली सड़क दुर्घटना ने एक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) गांव में एक कारखाने के मालिक को केवल इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसकी कार से एक महिला को हल्की टक्कर लग गई थी। इस मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा हत्या) की घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, भरथरा निवासी 40 वर्षीय मनीष सिंह अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित दोना-पत्तल का कारखाना चलाते थे। रविवार रात करीब 11:00 बजे वह कारखाने से काम निपटाकर अपनी कार से घर लौट रहे थे। गांव के रास्ते में उनकी कार से गांव की ही एक महिला बिंदु देवी को धक्का लग गया। टक्कर लगने से महिला के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। इस मामूली दुर्घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीण और महिला के परिजन उग्र हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद मनीष और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया।आक्रोशित भीड़ ने मनीष को कार से खींच लिया और उन पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मनबढ़ों ने मनीष को तब तक पीटा जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मनीष को लहूलुहान हालत ها में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बसनी ले गए। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू (BHU) ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, कार्यवाहक एसीपी अंजनी रॉय और कई थानों के इंस्पेक्टर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में तनावपूर्ण शांति को देखते हुए पीएसी (PAC) की टुकड़ी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को सुरक्षित शिवपुर मर्चरी हाउस में रखवा दिया है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …