मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के स्वर्ण जयंती सभागार में बुधवार को अपराह्न 1:00 बजे एक विशेष ‘हस्तांतरण एवं अर्पण समारोह’ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. वी. के. गिरी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन हेतु जनपद के दो राजकीय संप्रेषण गृहों को डिजिटल सशक्तिकरण के उद्देश्य से कुल पाँच कंप्यूटर सेट प्रदान किए गए। समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के रूप में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री समर बहादुर सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री वशिष्ठ नारायण सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अभिनव कुमार मिश्र तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री कमलेश कुमार मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय की इस जनहितकारी पहल के अंतर्गत पादरी बाजार स्थित ‘राष्ट्रीय संप्रेषण गृह यूनिट-1’ के प्रभारी सहायक अधीक्षक श्री लाल चंद को तीन कंप्यूटर तथा सूर्य विहार कॉलोनी, सूरजकुंड स्थित ‘यूनिट-2’ के प्रभारी सहायक अधीक्षक श्री अजीत कुमार यादव को दो कंप्यूटर प्रदान किए गए। इन आधुनिक संसाधनों का उद्देश्य संप्रेषण गृहों में निवासरत बच्चों को सूचना प्रौद्योगिकी से जोड़ते हुए उनके शैक्षिक एवं तकनीकी कौशल को विकसित करना है। इस अवसर पर संप्रेषण गृहों के वार्डन, अधीक्षक एवं सहायक कर्मचारियों सहित 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अकादमिक अधिकारियों एवं शिक्षकगण की भी विशेष सहभागिता रही। ‘विस्तार, क्षेत्र आउटरीच एवं पूर्व छात्र संबंध’ के अधिष्ठाता प्रो. बी. के. पांडे, एसोसिएट डीन डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य, डॉ. रोहित बाबू, डॉ. नेहा मिश्रा एवं डॉ. शलभ कुमार मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विश्वविद्यालय की इस दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के बौद्धिक एवं तकनीकी विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बताया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….