मऊ। हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अब्बास अंसारी की प्रतीकात्मक गुमशुदगी दर्ज करने की मांग को लेकर थाना सरायलखंसी प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। साथ ही सदर विधायक की तस्वीर के साथ लापता अब्बास अंसारी लिखी पोस्टर हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि मऊ विधानसभा की जनता ने भारी समर्थन देकर अब्बास अंसारी को अपना जनप्रतिनिधि चुनकर उत्तर प्रदेश की विधानसभा में भेजने का काम किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद से ही विधायक अब्बास अंसारी मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार लापता हैं। कहा कि जनता की समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्रीय जनता सड़क- बिजली और शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य, सफाई जैसे मूलभूत समस्याओं से परेशान है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने वाला कोई नहीं है।वहीं रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि मऊ विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपने जनप्रतिनिधि से सवाल पूछने और जवाब मांगने का पूरा अधिकार है। जनता की अपने प्रतिनिधि से अपेक्षा होती है कि वह समय-समय पर क्षेत्र में उपस्थित होकर जनता की समस्याओं को सुने और उनका समाधान करे।इस मौके पर प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता, अमित वर्मा, रविशंकर गुप्ता, रवि सोनी, आर्यन सिंह, योगेंद्र प्रजापति, आदित्य रंजन सिंह आदि कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….