Breaking News

यूपी के 861 केंद्रों पर 21 मई को होगी लेखपाल भर्ती की मुख्‍य परीक्षा

लखनऊ। लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 44 जिलों के 861 केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ एवं झांसी में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में हिस्सा करेंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने मंगलवार को लेखपाल भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा तथा उप्र संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिन जिलों में सर्वाधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, वहां विशेष सतर्कता बरतें। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराया जाए, ताकि किसी चूक की संभावना न रहे। कोषागार से प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री की निकासी निर्धारित केंद्र एवं सिरीज के अनुसार करें। अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग गंभीरता से हो। रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों पर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें और होल्डिंग एरिया बनाएं। सोशल मीडिया की विशेष निगरानी करें। एलआई को भी सक्रिय रखा जाए। गर्मी के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल की व्यवस्था करें। नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखें। परीक्षा की जिला एवं राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाए। बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल, एडीजी एलओ अमिताभ यश, सचिव उच्च शिक्षा अमृत त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …