गाजीपुर। करंडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मैनपुर में छह दिवसीय शिव स्थापना प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। आयोजन के प्रथम दिन मैनपुर रामलीला मैदान से ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रविवार को मैनपुर रामलीला मैदान से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में शामिल महिलाएं, पुरुष एवं युवा सुबह 6 बजे पैदल चलकर चौचकपुर स्थित मोनी बाबा धाम पहुंचे। वहां गंगा नदी से पवित्र जल भरकर श्रद्धालु पुनः मैनपुर स्थित यज्ञ पंडाल लौटे। कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली। पूरे मार्ग में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। यज्ञ पंडाल पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किए गए तथा शिव स्थापना प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। आयोजन समिति के अनुसार, आज से रामलीला मैदान स्थित मंच पर प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक रामचरितमानस कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक संदेश दिए जाएंगे। महायज्ञ के अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….