Breaking News

छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी व तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हमला कर की हत्‍या

लखनऊ। गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 16 साल के छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और उनके तीन वर्षीय बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। गोरखपुर में रविवार देर रात हुए ट्रिपल हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि देर रात करीब तीन बजे अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय बेटा रेयान तीनों घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी भाई ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात इतनी भयावह थी कि तीनों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी तथा अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। वहीं, इस मामले में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह हत्या की वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image 1 Image 2

Check Also

आजमगढ़: अनियंत्रित स्‍कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्‍कर, दो की मौत

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तू पट्टी गांव के पास रविवार देर रात एक सड़क …