लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहीद बंधु स्टेडियम में योग सत्र का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 15 से 21 जून तक आयोजित योग सप्ताह का समापन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा रहीं, जिनका स्वागत चंदन के पौधे भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग को केवल एक दिन या एक सप्ताह तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।” इस अवसर पर कुलपति ने छात्राओं के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में नए जिम्नेजियम की स्थापना की घोषणा की। वहीं, छात्र क्रिया कलाप परिषद के अध्यक्ष प्रो बी. के. पांडेय ने बताया कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए नियमित योग कक्षाएं शीघ्र प्रारम्भ की जाएंगी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों सहित लगभग 200 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर कुलपति को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया तथा उन्होंने विश्वविद्यालय की चंदन वाटिका में दो लाल चंदन एवं एक श्वेत चंदन के पौधे रोपित कर योग सप्ताह का समापन किया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….