लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कम्प्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित “AI-Driven Computing and Cyber Security Awareness” विषयक दो सप्ताहीय तकनीकी स्टाफ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन वैलिडेटरी सत्र के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन सत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अनुभवों, सीख एवं सुझावों पर प्रतिभागियों द्वारा अपने विचार साझा किए गए। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence), साइबर सुरक्षा, डिजिटल टूल्स तथा आधुनिक कम्प्यूटिंग तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ, जो उनके दैनिक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। कम्प्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग भविष्य में भी कर्मचारियों के कौशल विकास हेतु इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। अधिकांश प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की विषयवस्तु, विशेषज्ञ व्याख्यान, व्यावहारिक सत्रों एवं समग्र आयोजन की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के समन्वयक मनीष कुमार गुप्ता, संजय कुमार एवं डॉ. राजकुमार ने सभी विशेषज्ञ वक्ताओं, विश्वविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति तथा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय के तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को नवीनतम डिजिटल तकनीकों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं दक्ष बनाना था, जिसे प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….