वाराणसी। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के अशोका स्कूल ऑफ बिजनेस तथा एमबीए, बीबीए एवं बीकॉम विभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिक्षकों को आधुनिक डेटा विश्लेषण तकनीकों और डिजिटल टूल्स में दक्ष बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान डॉ. विनय तिवारी ने डेटा एनालिटिक्स एंड मैनेजमेंट, असिस्टेंट प्रो.बी.एन. सिंह ने डेटा एनालिटिक्स एंड विजुअलाइजेशन विद एमएस पावर बीआई, जबकि डॉ. चारु अग्रवाल ने रिसर्च पेपर डेटा एनालिसिस थ्रू एमएस एक्सेल: ए हैंड्स-ऑन अप्रोच फॉर एकेडमिक रिसर्च विषय पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। समापन सत्र के मुख्य प्रशिक्षक काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सांख्यिकी विभागाध्यक्ष प्रो. ज्ञान प्रकाश सिंह रहे। उन्होंने शोध, शिक्षण एवं आंकड़ों के वैज्ञानिक विश्लेषण में एसपीएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को इसके व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि एमएस एक्सेल डेटा प्रबंधन, गणना एवं रिपोर्ट तैयार करने का प्रभावी माध्यम है, जबकि पावर बीआई बड़े और जटिल आंकड़ों को आकर्षक डैशबोर्ड एवं ग्राफ के रूप में प्रस्तुत कर निर्णय प्रक्रिया को अधिक सटीक और प्रभावी बनाता है। वहीं एसपीएसएस शोध एवं सांख्यिकीय विश्लेषण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर है, जिसका व्यापक उपयोग सामाजिक विज्ञान, प्रबंधन, स्वास्थ्य तथा शिक्षा के क्षेत्र में किया जाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न सांख्यिकीय परीक्षणों एवं शोध संबंधी व्यावहारिक अभ्यास भी कराए। इस अवसर पर डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों का आधुनिक डिजिटल तकनीकों एवं डेटा विश्लेषण उपकरणों में दक्ष होना समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की शोध क्षमता, शिक्षण गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. बृजेश सिंह एवं डीन एकेडमिक प्रो. एस.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि का पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सारिका सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेन्द्र तिवारी ने प्रस्तुत किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….