Breaking News

गाजीपुर: करंट की जद में आने से संविदाकर्मी की मौत, मैनपावर संकट पर फिर उठे सवाल

गाजीपुर। सैदपुर डिवीजन के खानपुर उपकेंद्र अंतर्गत नेवादा फीडर के ग्राम आह्लादपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास 25 केवीए ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर खानपुर–जौनपुर मार्ग जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र यादव अकुशल संविदाकर्मी थे, लेकिन उनसे लंबे समय से पोल पर चढ़कर तकनीकी कार्य कराया जा रहा था। उनका कहना है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस घटना ने जिले में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, मैनपावर की कमी और संविदाकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि कई उपकेंद्रों पर पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों का अभाव है, जिसके चलते उपलब्ध कर्मियों से अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जिले में हाल ही में स्थापित बौरी और फुल्ली 33/11 केवी उपकेंद्रों के लिए नए कर्मियों की स्वीकृति मिलने के बावजूद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी न होने से पर्याप्त तैनाती नहीं हो सकी। ऐसे में अन्य उपकेंद्रों से कर्मचारियों को स्थानांतरित कर व्यवस्था संचालित की जा रही है, जिससे मैनपावर संकट और गहरा गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा भविष्य में संविदाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में विद्युत विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या किसी स्तर पर सुरक्षा मानकों या विभागीय प्रक्रियाओं में चूक हुई।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आयुष्‍मान आरोग्‍य मंदिर उपकेंद्र नौदर में किया गया वर्चुअल एसेसमेंट

गाजीपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंडा के अंतर्गत आने वाला आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र  नौदर में …