Breaking News

गाजीपुर : सूफी-ए-मिल्लत का 13वां उर्स सम्पन्न, उलेमा ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश

गाजीपुर के खानकाह गौसिया चिश्तिया, धावा शरीफ में हजरत सूफी-ए-मिल्लत सैयद शाह उबैदुर्रहमान चिश्ती गरम दीवानी रहमतुल्लाह अलैह का 13वां सालाना उर्स अकीदत और शानो-शौकत के साथ सम्पन्न हुआ। उर्स का शुभारंभ 9 जुलाई को असर की नमाज के बाद परचमकुशाई की रस्म से हुआ। 10 जुलाई की सुबह आयोजित अखिल भारतीय तरही मुशायरे में देश के विभिन्न राज्यों से आए शायरों ने “बेमिस्ल है जहां में शहादत हुसैन की” तथा “जमाल सूफी-ए-मिल्लत खुदा की एक निशानी है” मिसरों पर अपना कलाम पेश किया।जुमा की नमाज के बाद चादरपोशी और गुलपोशी की रस्म अदा की गई। मग़रिब के बाद आयोजित तकरीरी कार्यक्रम में देश के प्रमुख उलेमा और मशाइख़ ने सूफी-ए-मिल्लत के जीवन, उनकी धार्मिक सेवाओं तथा इंसानियत, अमन, भाईचारे, सब्र और सहिष्णुता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुनाजिर-ए-इस्लाम मुफ्ती मुमताज कादरी आजमी ने कहा कि सूफी-ए-मिल्लत का पूरा जीवन लालच और संग्रह की प्रवृत्ति से मुक्त रहा। मौलाना इरशाद कादरी और मौलाना अखलाक बनारसी ने उनके जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। सूफी-ए-मिल्लत के दामाद मुफ्ती शाह अमीरुद्दीन मिस्बाही मुनअमी ने तौबा, जुह्द, तवक्कुल, रजा तथा सब्र-ओ-शुक्र की अहमियत पर जोर दिया।कुल शरीफ के बाद सज्जादा नशीन शाह मुजीबुर्रहमान ने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई। आगरा और बरेली से आए कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर महफिल को रूहानी रंग में रंग दिया।कार्यक्रम में सैयद वहीदुर्रहमान बरकाती (अजमेर शरीफ), सैयद मोहम्मद अशरफ (किछौछा शरीफ), सैयद मसूद अशरफ, मौलाना अनवर हुसैन रहमानी, मौलाना समीउल्लाह, एडवोकेट फैयाज खान, मौलाना काजी फरीद अख्तर कादरी, मौलाना शाह इनामुद्दीन, सैयद रजा जामी, सैयद गुलाम गौस, सैयद सलमान चिश्ती, शाहनवाज खान, कारी साबिर हुसैन, शाह रियाज अहमद, मौलाना अरशद कादरी सहित बड़ी संख्या में उलेमा, शायर, मशाइख़ और अकीदतमंद मौजूद रहे।समापन पर सज्जादा नशीन शाह मुजीबुर्रहमान और उनके अनुज शाह महबूबुर्रहमान ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Image 1 Image 2

Check Also

राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन की अकादमिक परिषद् के सदस्य बने एमएमएमयूटी के प्रो. गोविंद पांडेय

गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. गोविंद पांडेय को …