गाज़ीपुर। नंदगंज-बरहपुर क्षेत्र में लगातार बनी हुई विद्युत समस्याओं के विरोध में शुक्रवार को समाजसेवी पंकज जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों एवं गलियों के नागरिकों का हस्ताक्षरयुक्त विद्युत उपखंड कार्यालय नंदगंज पहुंचकर उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया। ज्ञापन में कहा गया कि नंदगंज क्षेत्र में आए दिन हो रही अनावश्यक बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेषकर रात्रि के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भीषण गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि गली और मोहल्लों में वर्षों पुराने एवं जर्जर हो चुके विद्युत तारों को तत्काल बदला जाए। जर्जर तारों के कारण अक्सर फॉल्ट होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर विद्युत लाइनें अत्यंत खराब स्थिति में हैं, जिससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। इसलिए विद्युत विभाग तत्काल सर्वे कर आवश्यक मरम्मत एवं तार बदलने की कार्रवाई सुनिश्चित करे। समाजसेवी पंकज जायसवाल ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में लगातार आ रही समस्याओं से क्षेत्र की जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर वे सदैव जनता के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्युत विभाग जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा। ज्ञापन में नंदगंज — बरहपुर क्षेत्र की संपूर्ण विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने, अनावश्यक रात्रिकालीन बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से की गई।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….