वाराणसी। रिश्ते को कलंकित करते हुए सगे भाइयों द्वारा नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना बीते शुक्रवार रात की है। किशोरी के पिता की तहरीर पर रविवार की सुबह पुलिस ने सगे भाइयों के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मिर्जामुराद थाना के खजुरी पुलिस चौकी अंतर्गत एक गांव की 17 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर किशोरी को भैरोनाथ (राजातालाब) में लगे रथयात्रा मेले दिखाने के बहाने पड़ोस के रहने वाले चचेरे भाई बहला-फुसलाकर घर से बाहर ले गए। दोनों भाइयों ने मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और उसे यह बात किसी को न बताने की धमकी भी दी। किशोरी जब घर पहुंची, तो उसने अपनी मां और बुआ को रो-रोकर पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके पिता ने थाने जाकर दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं। थानाप्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना समाज में रिश्तों की पवित्रता को कलंकित करने वाली है और इस प्रकार के अपराधों के प्रति सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है, जिससे पीड़िता को न्याय मिल सके।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….