Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के दीक्षांत समारोह में नई परंपरा, अब पुरातन छात्र भी देंगे उपाधियां

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अपने 11वें दीक्षांत समारोह से एक नई परंपरा की शुरुआत करने जा रहा है। अब तक मुख्य दीक्षांत समारोह के मंच पर केवल कुछ चुनिंदा विद्यार्थियों को ही मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के हाथों उपाधि प्राप्त करने का अवसर मिलता था, जबकि अन्य विद्यार्थियों को उनके विभागों में आयोजित अलग-अलग समारोहों में उपाधियां प्रदान की जाती थीं। इस वर्ष से विश्वविद्यालय ने विभाग स्तरीय उपाधि वितरण समारोहों को और अधिक प्रेरणादायी एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए विशिष्ट पूर्व छात्रों (एलुमनाई) को इससे जोड़ने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत उद्योग, शिक्षा, अनुसंधान, सार्वजनिक सेवा, उद्यमिता तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर चुके विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षांत समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। ये विशिष्ट पूर्व छात्र अपने-अपने विभाग के उन विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे जिन्हें मुख्य दीक्षांत मंच से उपाधि प्रदान नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह को और अधिक यादगार बनाएगी। जिन विद्यार्थियों को मुख्य मंच से उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं मिल पाता, उन्हें अब अपने ही विश्वविद्यालय के सफल पूर्व छात्रों के हाथों उपाधि प्राप्त करने का गौरव मिलेगा। साथ ही उन्हें अपने करियर, उच्च शिक्षा, नवाचार, उद्योग और व्यावसायिक जीवन से जुड़े अनुभवों को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर भी मिलेगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना है। इससे विद्यार्थियों के लिए मेंटरशिप, नेटवर्किंग और भविष्य में व्यावसायिक सहयोग के नए अवसर भी विकसित होंगे। विश्वविद्यालय का मानना है कि अपने ही संस्थान के सफल पूर्व छात्रों से संवाद विद्यार्थियों में उत्कृष्टता हासिल करने का आत्मविश्वास और प्रेरणा दोनों बढ़ाएगा।

 

11वें दीक्षांत समारोह में विभिन्न विभागों के लिए आमंत्रित किए जाने वाले पूर्व छात्र इस प्रकार हैं:

सिविल इंजीनियरिंग विभाग: मानवेन्द्र सिंह, मुख्य अभियंता, लखनऊ विकास प्राधिकरण, लखनऊ।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग: एस. पी. मौर्य, मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश (पूर्वी क्षेत्र)।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग: डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी, महानिदेशक, नाइलिट (NILET), नई दिल्ली।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग तथा भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान विभाग: डॉ. जितेन्द्र मोहन भारद्वाज, मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी एवं साइबर सुरक्षा व्यवसाय प्रमुख, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड, नोएडा।

कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग: अवधेश कुमार रावत, वरिष्ठ निदेशक (आईटी), नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर, उत्तर प्रदेश राज्य केंद्र, लखनऊ।

सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एवं गणित विभाग: श्री प्रवीण कुमार शर्मा, डिलीवरी प्रोजेक्ट एग्जीक्यूटिव, आईबीएम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा।

केमिकल इंजीनियरिंग विभाग, रसायन विभाग एवं फार्मेसी विभाग: (1) अक्षय श्रीवास्तव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), एलसीबी फर्टिलाइज़र लिमिटेड, कानपुर। (2) बृजेश कुमार मौर्य, प्रोसेस इंजीनियर, हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड, गोरखपुर। (3) मनीषा सोनकर, सेल्स मैनेजर, एचपीसीएल, गोरखपुर। प्रबंधन अध्ययन विभाग एवं मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग: विवेक मिश्रा, वर्टिकल हेड, एयरटेल पेमेंट्स बैंक। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा कि “यह पहल प्रत्येक विद्यार्थी के लिए दीक्षांत समारोह को अधिक समावेशी, प्रेरणादायी और अविस्मरणीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर चुके पूर्व छात्रों के हाथों उपाधि प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए गर्व का विषय होगा और यह उनके व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा। उन्होंने कहा कि “विश्वविद्यालय भविष्य में इसे एक स्थायी परंपरा के रूप में विकसित करना चाहता है। इससे न केवल एलुमनाई और विश्वविद्यालय के बीच संबंध और मजबूत होंगे, बल्कि पूर्व छात्रों की शैक्षणिक, मार्गदर्शन एवं संस्थागत विकास से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी भी बढ़ेगी। यह पहल विश्वविद्यालय की गौरवशाली एलुमनाई परंपरा को नई पहचान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

 

 

 

Image 1 Image 2

Check Also

आजमगढ़: फर्जी खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का ठगी करने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

आजमगढ़। अहरौला पुलिस ने शुक्रवार को फर्जी खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का झांसा …