Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने फहराया तिरंगा

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामयी, भव्य और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में प्रभात वेला से ही देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के बीच स्वाधीनता का महापर्व उल्लासपूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे हुआ, जहां विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी ने कैम्प कार्यालय में विधिवत ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसी समय विश्वविद्यालय के सभी संकायों एवं शिक्षण विभागों में विभागाध्यक्षों द्वारा तिरंगा फहराया गया। तदुपरांत माननीय कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं अमर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण कर देश के वीर बलिदानियों को नमन किया। प्रातः 9:15 बजे कला संकाय प्रांगण में मुख्य ध्वजारोहण समारोह संपन्न हुआ। माननीय कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच गौरव के साथ तिरंगा फहराया। इसके पश्चात छात्राओं के समूह और डॉ. गरिमा सिंह के नेतृत्व में सभी ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान का गायन किया। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने देश के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए समृद्ध भारतीय ज्ञान परंपरा पर गर्व करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि इसरो (ISRO) के ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियानों, सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के विकास, यूपीआई (UPI) डिजिटल पेमेंट क्रांति और वैश्विक स्तर पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की दूरदर्शी पहलों ने भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त आर्थिक व तकनीकी शक्ति के रूप में स्थापित किया है। आज भारत विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत उपभोक्ता बाजार बनकर उभरा है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य (शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों) के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी अपने कार्यों को नियमानुसार करें, परिसर में सामाजिक समरसता बनी रहे और हम एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखें, यही संस्थागत एवं सर्वांगीण विकास की सच्ची कुंजी है। उद्बोधन के पश्चात डॉ. अनविता वर्मा के नेतृत्व में सभी उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’  का भावपूर्ण और सस्वर गायन किया। पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम की अनुपम ऊर्जा का संचार हुआ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर द्वितीय परिसर में ध्वजारोहण से पूर्व माननीय कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी द्वारा ‘नए कुलपति कार्यालय’ (Camp/VC Office) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक कदम पर अपने विचार साझा करते हुए कुलपति ने बताया कि अब वे सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित रूप से द्वितीय परिसर स्थित कार्यालय में बैठेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उपस्थिति से द्वितीय परिसर के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं, शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों का मौके पर ही त्वरित व प्रभावी निदान सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के अधिष्ठातागण, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रोफेसर, अधिकारी, कर्मचारी एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रभक्ति के नारों और मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का उल्लासपूर्ण समापन हुआ।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: स्‍वतंत्रता दिवस पर तिरंगा दौड़ में आदित्‍य यादव व अंकिता विश्‍वकर्मा प्रथम

गाजीपुर। स्वतन्त्रता दिवस का 80वी वर्षगाठ के शुभ अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव हर …